श्री न्यूज़ 36गढ़ | कोटा। जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी के जनरल वार्ड से मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को कोटा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 हजार रुपये कीमत का रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद कर जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कृष्णा प्रजापति ने 25 नवंबर 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी मां का इलाज कराने जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी में भर्ती था। इसी दौरान जनरल वार्ड में अपना रेडमी मोबाइल छोड़कर पानी लेने गया। वापस लौटने पर मोबाइल गायब मिला। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1034/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर विकास यादव (34 वर्ष) और समीर अली (21 वर्ष), दोनों निवासी चोरभट्टी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया रेडमी मोबाइल बरामद कर जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह तथा आरक्षक सुरेंद्र कौशिक एवं दिलहरण पैकरा की विशेष भूमिका रही।


