@ युवती द्वारा शादी करने दबाव डालने पर युवक ने की थी आत्म हत्या
श्री न्यूज 36 गढ़। बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में युवक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने 21 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी युवती की पहचान आकांक्षा सिदार (21 वर्ष), निवासी भटगांव, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 638/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विकास गुप्ता (22 वर्ष) और आरोपी युवती के बीच प्रेम संबंध थे। इसी बीच 27 जनवरी 2026 को दोनों बिलासपुर के कोनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद युवक ने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 1 फरवरी 2026 को रायपुर के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था तथा उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने के तथ्य सामने आए।
जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ विधिवत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


