
श्री न्यूज 36 गढ़। पाली। पाली ब्लॉक के लाफा क्षेत्र अंतर्गत खैरा बहार स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक स्थल बाबर झुझर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं और सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। पहाड़ी से गिरते झरने, चारों ओर फैली हरियाली और कल-कल बहते पानी के बीच पूरा क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से सराबोर नजर आया।

सुबह से ही आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से लोग यहां पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने झरने में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की, वहीं परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने पिकनिक और प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।


स्थानीय लोगों के अनुसार, बाबर झुझर हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से यहां मेले जैसा माहौल रहा। आस्था और प्रकृति के अनूठे संगम ने लोगों का मन मोह लिया।

रिपोर्ट – श्री न्यूज़ 36 गढ़, पाली

