दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

- Advertisement -

@ बिलासपुर के ग्रामीण इलाकों में 9 और कोरबा के पाली में एक चोरी का खुलासा

@ छह लाख के जेवरात, 1.30 लाख नकद सहित 12.50 लाख की संपत्ति जब्त

बिलासपुर। जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू बिलासपुर और थाना कोटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोरबा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के मामलों में करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद, एक क्रेटा कार और दो मोटरसाइकिल सहित करीब 12.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में जिला जांजगीर में भी चोरी के 19 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दिन के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं हो रही थीं। ग्रामीणों के खेती-किसानी के काम से घर से बाहर जाने के दौरान आरोपी बंद मकानों का ताला तोड़कर आलमारी और पेटियों में रखे जेवरात तथा नकदी पार कर देते थे।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोटा और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद कोरबा जिले के तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

Oplus_16908288

मोटरसाइकिल से रेकी, सूने मकानों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे मोटरसाइकिल से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते थे। दोपहर के समय घरों में ताला लगा देखकर उन्हें निशाना बनाते और ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज नौ मामलों तथा कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले सहित कुल 10 चोरी के प्रकरणों में उनकी संलिप्तता का खुलासा किया है।

चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा और बुलेट

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से सफेद रंग की क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किस्तें भी उसी रकम से चुकाने की बात सामने आई। वहीं, आरोपी राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। इसके अलावा एक होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

Oplus_16908288

छह लाख के जेवरात और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के आभूषण, चूड़ा, हाथपोछनी और सिंदूर डिब्बा सहित सोने के मंगलसूत्र, लॉकेट, टॉप्स और फुल्ली शामिल हैं। इसके अलावा गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के तथा 1.30 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

जांजगीर में भी दर्ज हैं चोरी के मामले

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पूर्व में वर्ष 2022-23 के दौरान जांजगीर जिले में दिन के समय चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उन मामलों में प्रकरण विचाराधीन बताए गए हैं। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विनोद कुमार वासुदेव (33 वर्ष), पिता सुखीराम वासुदेव।

  2. भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43 वर्ष), पिता चित्रभान सिंह राठौर।

  3. राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19 वर्ष), पिता बलराम प्रजापति।

तीनों आरोपी डिपरपारा, ग्राम मानिकपुर, चौकी मानिकपुर, थाना सिटी कोतवाली, जिला कोरबा के निवासी हैं।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना कोटा के निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित थाना कोटा, एसीसीयू और संबंधित पुलिस इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

Oplus_16908288
- Advertisement -
- Advertisement -
- Advertisement -
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
आपकी राय
मोसम का हाल
स्टॉक मार्केट
क्रिकेट लाइव
यह भी पढ़े
अन्य खबरे
- Advertisement -