@ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में समायोजन, स्थायीकरण और पद नाम परिवर्तन; 33 जिलों में धरना-प्रदर्शन
श्री न्यूज 36 गढ़। छत्तीसगढ़।विकसित भारत जी राम जी योजना (पूर्व में मनरेगा) में कार्यरत 1242 तकनीकी सहायक अपनी तीन सूत्रीय मांगों और चार प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार से तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर हैं। छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर प्रदेश के 33 जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।
संघ के अनुसार, तकनीकी सहायक पिछले 8 से 20 वर्षों तक सेवा देने के बावजूद नौकरी की सुरक्षा, नियमितीकरण और स्थायीकरण से वंचित हैं। अधिकांश कर्मचारियों की उम्र 40 से 45 वर्ष हो चुकी है।

**ये हैं तीन प्रमुख मांगें**
संघ ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत नियमित पद सृजित कर तकनीकी सहायकों का समायोजन करने, नियमितीकरण तक ग्राम पंचायत सचिवों की तर्ज पर स्थायीकरण नियमावली लागू करने तथा पदनाम बदलकर कनिष्ठ अभियंता (VB-G RAM G) करने की मांग की है।

**चार समस्याओं के समाधान की मांग**
तकनीकी सहायकों ने मांग आधारित योजना को लक्ष्य आधारित बनाकर मानसिक एवं शारीरिक दबाव डालने, प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण की अतिरिक्त जवाबदेही सौंपने, तकनीकी कार्यों के बावजूद काम नहीं करने के आरोप लगाकर कार्रवाई की धमकी देने तथा वेतन रोकने जैसी समस्याएं उठाई हैं। संघ ने महंगाई के अनुरूप वेतन वृद्धि, हर माह समय पर वेतन और नियमानुसार यात्रा भत्ता देने की मांग भी की है।


