@ बिना नाम, बिना सम्मान और बिना किसी स्वार्थ के प्रकृति की सेवा में जुटे हैं ‘पेड़ प्रेमी सेंदरी’ के युवा
@ हर वर्ष 365 पौधे लगाने का लक्ष्य, पौधरोपण के साथ पेड़ों की सुरक्षा और देखरेख भी करते हैं युवा
@ दीपावली की सुबह 5 बजे से डिवाइडर पर लगाए 70 पौधे, वर्षों की मेहनत से अब कई पेड़ देने लगे हैं फल


संतोष श्रीवास पत्रकार मो 9098156126
बिलासपुर। आज के भागदौड़ भरे दौर में जहां अधिकांश लोग अपने निजी स्वार्थ और लाभ के लिए व्यस्त हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो बिना किसी पद, प्रतिष्ठा, सम्मान और पहचान की चाह रखे समाज और प्रकृति के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं। ऐसे ही पर्यावरण प्रेमी युवाओं की एक प्रेरणादायक टोली बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर स्थित सेंदरी गांव में सक्रिय है, जिसे लोग ‘पेड़ प्रेमी सेंदरी’ के नाम से जानते हैं।

न नाम की चाह, न सम्मान की उम्मीद
इस टोली की सबसे खास बात यह है कि इनके द्वारा लगाए गए किसी भी पौधे पर न तो अपना नाम लिखा जाता है और न ही किसी पदाधिकारी, आयोजक या संयोजक का नाम। इनके लिए पौधरोपण प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक प्रयास है। टीम ने हर वर्ष 365 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और वर्ष 2017 से लगातार इस अभियान को आगे बढ़ा रही है।

गांव में कई स्थानों पर दिख रही मेहनत की हरियाली
पेड़ प्रेमी सेंदरी के युवाओं के काम को देखना हो तो सेंदरी गांव पहुंचकर उनके लगाए पौधों को आज भी देखा जा सकता है। गांव के क्रिकेट ग्राउंड, सड़क किनारे, गोठान, कछार मार्ग, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल परिसर, तालाब किनारे और मुक्ति धाम सहित अनेक स्थानों पर इनके द्वारा लगाए गए पौधे आज पेड़ों का रूप ले रहे हैं।
इनमें से कुछ पेड़ अब फल देने भी लगे हैं। इमली, नीम, कदम, बादाम, जामुन और कचनार जैसे पेड़ इस अभियान की सफलता की गवाही दे रहे हैं। इन पेड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वर्षों पहले लगाए गए छोटे-छोटे पौधों के पीछे कितनी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी जुड़ी हुई है।

पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा भी जरूरी
इस टोली के युवा केवल पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानते, बल्कि उनकी निरंतर देखरेख भी करते हैं। पौधों को सुरक्षित रखने के लिए किसी महंगे संसाधन पर निर्भर रहने के बजाय देशी जुगाड़ अपनाते हैं। बेशरम और बबूल के कांटेदार डंगालों से पौधों की सुरक्षा व्यवस्था तैयार करते हैं, ताकि मवेशियों और अन्य नुकसान से पौधों को बचाया जा सके।

जन्मदिन और त्योहार पर पौधरोपण का संकल्प
इस टोली के युवाओं के लिए जन्मदिन हो या कोई पर्व-त्योहार, खुशियां मनाने का एक खास तरीका पौधरोपण बन गया है। जहां लोग त्योहारों पर अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं, वहीं ये युवा प्रकृति को हरा-भरा बनाने में अपना समय लगाते हैं।

दीपावली पर सुबह 5 बजे से शुरू हुआ अभियान
इसका ताजा उदाहरण दीपावली के अवसर पर देखने को मिला। जब पूरी दुनिया दीपावली का उत्सव मना रही थी, तब पेड़ प्रेमी सेंदरी की टोली सुबह 5 बजे से ही सेंदरी मार्ग के रोड डिवाइडर पर पौधरोपण में जुट गई। इस दौरान करंज, आंवला और अर्जुन सहित कुल 70 पौधे लगाए गए।
इस अभियान की शुरुआत कोनी थाना के नीचे तुर्काडी तिराहे से हुई थी, जहां राजकुमार उरईहा जी ने 100 करंज के पौधे लगाकर इस पहल का शुभारंभ किया था। इसके बाद सेंदरी की ओर से दुजाराम भेड़पाल, शत्रुघ्न केवट, डॉ. गणेश भगत साहू एवं गणेश मानिकपुरी सहित अन्य साथियों द्वारा इस मुहिम को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
अब डिवाइडर पर 100 और पौधे लगाने की तैयारी
टीम के सदस्य वर्तमान में सड़क के डिवाइडरों पर पौधरोपण अभियान को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। उनका प्रयास है कि सेंदरी मार्ग पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाया जाए।
सोशल मीडिया पर भी पहचान बना रही टोली
‘पेड़ प्रेमी सेंदरी’ की गतिविधियां केवल गांव तक सीमित नहीं हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और गूगल पर भी इस नाम से उनकी गतिविधियों को देखा जा सकता है। बिना किसी व्यक्तिगत प्रचार और सम्मान की अपेक्षा के वर्षों से लगातार काम करना इस टोली की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
पौधा लगाना नहीं, उसे पेड़ बनाना है असली सेवा
सेंदरी के इन युवाओं की पहल समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि समाज सेवा के लिए न बड़े पद की जरूरत है, न बड़े मंच की और न ही किसी सम्मान की। जरूरत है तो सिर्फ अच्छे विचार, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास की।
श्री न्यूज 36 गढ़ से बातचीत में गांव के ही युवा दूज राम जी ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर लहलहाते पेड़ और फल देने लगे पौधे इस बात का प्रमाण हैं कि सच्ची सेवा का परिणाम समय के साथ खुद दिखाई देने लगता है। इन युवाओं ने साबित किया है कि पौधा लगाना ही काफी नहीं, उसे पेड़ बनने तक बचाना ही सच्ची प्रकृति सेवा है।उन्होंने पेड़ प्रेमियों से अपील किया है कि जो भी व्यक्ति इस अभियान में साथ देना चाहते है इस नम्बर से 9977881414 संपर्क कर सकते है।


