
श्री न्यूज़ 36गढ़ – पाली | नगर पंचायत पाली के हाई स्कूल मैदान में दिनांक 20 अक्टूबर दिन मंगलवार को विजयादशमी के पावन पर्व पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दशहरा का यह पर्व हर साल की तरह इस साल भी बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम होते ही हाई स्कूल मैदान में हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में रावण दहन को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष रावण का पुतला लगभग 25 फीट ऊंचा बनाया गया था, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। जैसे ही रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा। लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

*अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा -*
दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एक सीख है। यह पर्व हमें बताता है कि चाहे बुराई कितनी भी बड़ी और ताकतवर क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा अच्छाई और सच्चाई की ही होती है।
रावण बहुत ज्ञानी और शक्तिशाली था, उसके पास सोने की लंका थी, वह चारों वेदों का ज्ञाता था, लेकिन उसके अंदर अहंकार, लालच और बुराई थी, जिस कारण उसका अंत हुआ। वहीं भगवान श्री राम के पास न बड़ी सेना थी, न महल, लेकिन उनके पास सत्य, धर्म, मर्यादा और अच्छाई थी, इसलिए आज हजारों साल बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं और पूजते हैं।


