@ चकरभाठा पुलिस ने 4 आरोपियों को भेजा जेल
श्री न्यूज 36 गढ़। बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस ने मोबाइल चोरी कर आधार के जरिए UPI रीसेट कर लाखों रुपये निकालने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े तथा ₹15,000 नगद सहित कुल ₹75,000 का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी सूरज सतनामी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 सितंबर की रात इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास तेज बारिश के दौरान वह बेहोश हो गया था। होश आने पर वह सिम्स अस्पताल में भर्ती मिला और उसका मोबाइल गायब था। कुछ दिन बाद नया सिम चालू करने पर UPI ट्रांजेक्शन के संदेश मिले, जिससे पता चला कि उसके तथा उसकी मां के बैंक खाते से ₹2.84 लाख निकाल लिए गए हैं।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, बैंक विवरण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विवेक वर्मा (20), करन नायक (18), गौरीशंकर साहू उर्फ लालू (18) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करते थे, फिर गैलरी में रखे आधार कार्ड की फोटो से जानकारी लेकर PhonePe, Paytm आदि को रीसेट कर खातों से रकम निकालते थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जब्त सामग्री: 4 मोबाइल (2 वीवो, 1 पोको, 1 आईफोन), पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े एवं ₹15,000 नगद।
जनअपील: थाना चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या निकटतम थाना को दें।


