बिलासपुर। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बीच एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र की है, जहां 35 वर्षीय महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
Oplus_16908288
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है। अंजली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थी और नियमित रूप से वीडियो व रील बनाकर साझा करती थी। बताया जा रहा है कि उसके पति को यह गतिविधि पसंद नहीं थी, जिसको लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
Oplus_16908288।
घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद अंजली ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसके बच्चे ट्यूशन से लौटे, तब उन्होंने अपनी मां को फंदे पर लटका हुआ देखा। बच्चों ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।