@ 150 विद्यार्थियों ने दी निःशुल्क सामान्य अध्ययन परीक्षा, 95 प्रतिशत रही उपस्थिति

संतोष श्रीवास पत्रकार मो 9098156126
बिलासपुर। श्रीवास समाज के शैक्षणिक प्रकोष्ठ द्वारा समाज के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने एवं उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। आजाद चौक मंगला स्थित श्री श्याम कंप्यूटर एजुकेशन एंड लाइब्रेरी में निःशुल्क सामान्य अध्ययन परीक्षा का आयोजन किया गया। पहली बार ऑफलाइन मोड में आयोजित इस परीक्षा में समाज के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि परीक्षा में 95 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो विद्यार्थियों की जागरूकता और उत्साह को दर्शाती है।

परीक्षा केंद्र पहुंचने वाले विद्यार्थियों का पुष्प एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के स्तर पर आधारित सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र हल किया। प्रश्नपत्र में गणित, विज्ञान, इतिहास, सामान्य ज्ञान एवं छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न शामिल थे। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने इसे अपने ज्ञान का आकलन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुभव प्राप्त करने का अच्छा अवसर बताया। पहली बार ऐसी परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।


इस आयोजन में श्रीवास समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, सचिव चंद्रमणि श्रीवास, कोषाध्यक्ष संतोष श्रीवास एवं महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ज्योति श्रीवास सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
परीक्षा के सफल संचालन में केंद्राध्यक्ष अनिल श्रीवास एवं सह केंद्राध्यक्ष राजेश श्रीवास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं आब्जर्वर के रूप में आर.बी. श्रीवास, राजेंद्र श्रीवास एवं अमित श्रीवास ने जिम्मेदारी संभाली। पर्यवेक्षक के रूप में रीता श्रीवास, आकाश श्रीवास, आभास श्रीवास, रवि श्रीवास, दिनेश श्रीवास, चंद्रशेखर श्रीवास एवं नेहा श्रीवास ने परीक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग दिया।

प्रबंधन टीम में राहुल श्रीवास, प्रमोद श्रीवास, रमेश श्रीवास, नरेंद्र श्रीवास एवं संजय (नानू) श्रीवास सक्रिय रहे। महिला प्रकोष्ठ की ओर से अध्यक्ष ज्योति श्रीवास, सह सचिव सरिता श्रीवास, कोषाध्यक्ष आशा श्रीवास, सलाहकार कामनी श्रीवास एवं मीडिया प्रभारी सुमन श्रीवास की सहभागिता रही।
इस परीक्षा में बिलासपुर के अलावा सूरजपुर, कोरबा के दीपका एवं बांधाखार, रायगढ़, धर्मजयगढ़, खरसिया, जांजगीर-चांपा, सक्ती, मुंगेली, बालोद, नारायणपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी शामिल हुए।
शैक्षणिक प्रकोष्ठ का उद्देश्य समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें पीएससी एवं अन्य शासकीय परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और 95 प्रतिशत उपस्थिति ने इस पहल को सफल बनाया। समाज के पदाधिकारियों ने ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों को आगे भी जारी रखने की भावना व्यक्त की।


