@ पूर्व में भी कई वारदातों को दे चुके है अंजाम
संतोष श्रीवास पत्रकार मो 9098156126
बिलासपुर/रतनपुर । रतनपुर पुलिस ने चलती बस में महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 महिलाओं सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। मामले में संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वे अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर से बस में बांकीमोंगरा लौट रहे थे। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। सीट नहीं मिलने के कारण दंपती खड़े थे। इसी दौरान महिलाओं ने धक्का-मुक्की कर गीता प्रधान को घेर लिया। शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं के उतरने के बाद जब बस खाली हुई तो गीता प्रधान ने अपने गले की सोने की चेन गायब पाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कोनकोना, थाना बांगो, जिला कोरबा निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने एक राय होकर बस में महिला को धक्का-मुक्की कर चेन झपटने की बात स्वीकार की। उन्होंने चेन को 20 हजार रुपये में गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को देने तथा 12 हजार रुपये खर्च होने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों से 8 हजार रुपये बरामद कर सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चन्द्रा एवं महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।


