@ बिलासपुर में वाहन चोर गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी अरविंद दिवाकर गिरफ्तार
@ सिविल लाइन और सिटी कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई तीन होंडा एक्टिवा के मामलों की जांच में जुटी पुलिस

श्री न्यूज 36 गढ़। बिलासपुर। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी के मामलों में आरोपी अरविंद दिवाकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरविंद दिवाकर, पिता दानी दिवाकर, अटल आवास सकरी का निवासी है। पुलिस द्वारा संबंधित मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुई तीन होंडा एक्टिवा के मामले सामने आए हैं। इनमें सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दो और सिटी कोतवाली क्षेत्र का एक मामला शामिल है।

रेलवे स्टेशन और हॉस्टल के सामने से वाहन चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को उसलापुर रेलवे स्टेशन के बाहर से होंडा एक्टिवा 125 क्रमांक CG28V0969 चोरी हुई थी। इस मामले में 16 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसी तरह, 19 अक्टूबर 2026 को राजेंद्र नगर स्थित किरण कुंज हॉस्टल के गेट के सामने से पर्ल व्हाइट रंग की होंडा एक्टिवा क्रमांक CG12BW5746 चोरी हुई। इस घटना की रिपोर्ट 23 अक्टूबर को दर्ज कराई गई थी।
वहीं, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा से 24 सितंबर 2026 को होंडा एक्टिवा क्रमांक CG10BD7043 चोरी हुई थी। इस संबंध में 25 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।

संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना सिविल लाइन के प्रधान आरक्षक विश्वदीप त्रिपाठी तथा ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक आतिश पारीक और आरक्षक बीरेंद्र राजपूत एवं योगेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वाहन सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने, हैंडल लॉक लगाने और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वाहन चोरी की घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को देने की सलाह दी है।


