@ ठिकाना बदल बदल कर पुलिस को दे रहा था चकमा
@ आरोपी ने कर लिया था दूसरा विवाह
संतोष श्रीवास पत्रकार मो 9098156126
बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक दैहिक शोषण करने और फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से लगातार अपना ठिकाना बदल-बदल कर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 317/2026 के तहत धारा 69 एवं 296 बीएनएस के अंतर्गत दर्ज मामले में आरोपी अमन यादव उर्फ राजा (26 वर्ष), पिता जितेन्द्र यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 09, सरगांव, थाना सरगांव, जिला मुंगेली के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा कर 21 अगस्त 2025 से लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया और बाद में पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने 2 मई 2026 को सिरगिट्टी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के निर्देशन में सिरगिट्टी पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने चोरभट्ठी कला स्थित आरोपी के ससुराल में दबिश दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर के छज्जे में छिप गया, लेकिन पुलिस टीम ने घर की तलाशी लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया।


