सारंगढ़ । छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में उफनते लात नाला में बही कार को चार दिन बाद आखिरकार खोज निकाला गया। कार के भीतर ग्राम घोटला बड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी के शव मिले। भावुक कर देने वाली बात यह रही कि दोनों के शव कार की पिछली सीट पर एक-दूसरे का हाथ थामे हुए मिले। इस दृश्य ने रेस्क्यू टीम और मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

रविवार शाम करीब 5:30 बजे लगातार बारिश के चलते माधोपली पुल के पास स्थित लात नाला उफान पर था। इसी दौरान पूर्व सरपंच अपनी पत्नी के साथ कार से नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। तेज बहाव के कारण कार अनियंत्रित होकर नाले में समा गई और पानी के साथ बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने तलाश शुरू कर दी, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव अभियान में बड़ी बाधा बने। अगले दिन से NDRF, SDRF और DDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहा। जांच में पता चला कि कार हादसे के बाद करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक बह गई थी। तीन दिन तक वाहन और दंपती का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती रही।


