“कुनकुरी में भ्रष्टाचार का विस्फोट ” नपं अध्यक्ष ने सीएमओ पर लगाएं गंभीर आरोप

- Advertisement -

नपं अध्यक्ष विनयशील की प्रेस वार्ता में CMO पर गंभीर आरोप — डेम सफाई, टेंडर और निर्माण में करोड़ों के घोटाले का खुलासा

Oplus_131072

कुनकुरी (जशपुर) | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी से भ्रष्टाचार की एक बड़ी गूंज उठी है। एक ओर प्रदेश सरकार “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” का दम भर रही है, तो दूसरी ओर उसी सरकार के नगरीय निकाय में करोड़ों की धांधली के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष विनयशील ने प्रेस के समक्ष मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रवीण उपाध्याय पर बेजोड़ भ्रष्टाचार, फर्जी टेंडर, अवैध भुगतान और शासकीय राशि की बंदरबांट के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ नगर पंचायत में हड़कंप मचा दिया है, बल्कि शासन-प्रशासन की ईमानदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष विनयशील ने नगर पंचायत में हो रहे व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रवीण उपाध्याय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के कई कार्यों में भ्रष्टाचार की गूंज सुनाई दे रही है, जिसकी जानकारी वे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी पत्र के माध्यम से प्रेषित कर रहे है जिसमें तत्काल जांच व दोषियों पर कार्यवाही की मांग कर रहे है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नपं अध्यक्ष विनयशील ने कहा कि कुनकुरी नगर पंचायत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र का एकमात्र नगर निकाय है। मुख्यमंत्री प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत के भीतर भ्रष्टाचार अपनी जड़ें जमा चुका है। उन्होंने कहा कि सीएमओ प्रवीण उपाध्याय की नियुक्ति के बाद से लगातार नियमों को ताक पर रखकर भ्रष्ट तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं।

नियम विरुद्ध हुआ भुगतान

भ्रष्टाचार का पहला मामला डेम और छठ घाट की सफाई से जुड़ा है, जिसमें लगभग 97 लाख 50 हजार रुपये की लागत से कार्य स्वीकृत हुआ था। अध्यक्ष बनने के बाद जब विनयशील ने इस कार्य की जानकारी मांगी तो शुरुआत में जानकारी देने से इनकार कर दिया गया। बाद में जब उन्होंने पत्राचार कर जानकारी मांगी, तब जो दस्तावेज सामने आए, उनसे यह स्पष्ट हुआ कि टेंडर प्रक्रिया से लेकर भुगतान तक हर स्तर पर भारी गड़बड़ियां की गई हैं। ठेकेदार को लाभ पहुंचाने की नीयत से 48 लाख 75 हजार रुपये की राशि नियमविरुद्ध तरीके से भुगतान कर दी गई है।

Oplus_131072

60 लाख का टेंडर 1.5 करोड़ में दे दिया

दूसरा मामला प्लेसमेंट टेंडर से जुड़ा है। विनयशील ने बताया कि नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा वेतन न मिलने की शिकायतें मिलने के बाद जब इस टेंडर की जांच की गई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कुनकुरी का टेंडर भटगांव नगर पंचायत के नाम से प्रस्तुत किया गया था। एक वर्ष का टेंडर बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के दो वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया। 60 लाख रुपये के टेंडर को 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया गया। यह सब कुछ केवल अपनों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।

तीसरा गंभीर मामला सीएमओ द्वारा अवैध रूप से किए गए भवन उपयोग और मरम्मत से जुड़ा है। विनयशील ने कहा कि सीएमओ शासन से गृह भत्ता ले रहे हैं, फिर भी वे पुराने नगर पंचायत भवन में निवास कर रहे हैं। वहां जोनल मद से मरम्मत के नाम पर 1 लाख 48 हजार रुपये खर्च किए गए। खास बात यह है कि मरम्मत में लगाए गए बिल में प्रवेश द्वार का आकार 30 मीटर बताया गया है, जो किसी किले जैसे दरवाजे से भी बड़ा है। उन्होंने इसे पूरी तरह से फर्जीवाड़ा करार दिया और कहा कि शासकीय धन की इस प्रकार की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अध्यक्ष विनयशील ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और उनके कार्यकाल की निष्पक्ष व विस्तृत जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह भ्रष्टाचार केवल आर्थिक नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से किया गया धोखा है, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। विनयशील ने यह भी बताया कि नगर पंचायत के कई और कार्यों में गड़बड़ियों की आशंका है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में और भी अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार के खिलाफ घोषित नीति का पालन करते हुए वे इस लड़ाई को अंत तक लड़ेंगे और कुनकुरी नगर पंचायत को ईमानदारी की मिसाल बनाएंगे।

Oplus_131072

 

- Advertisement -
- Advertisement -
- Advertisement -
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
आपकी राय
मोसम का हाल
स्टॉक मार्केट
क्रिकेट लाइव
यह भी पढ़े
अन्य खबरे
- Advertisement -